IPL 2026: RCB vs SRH टिकट मिनटों में गायब, फैंस बोले—“बुकिंग खुली या बस दिखावा था?”

IPL का सीजन शुरू होने से पहले ही माहौल गरम हो चुका है, लेकिन इस बार चर्चा मैच से ज्यादा टिकटों को लेकर हो रही है।
RCB और SRH के बीच 28 मार्च को होने वाले ओपनिंग मुकाबले के टिकट जैसे ही बिक्री के लिए आए, वैसे ही कुछ ही मिनटों में खत्म भी हो गए।


कुछ ही मिनटों में “Sold Out”

मंगलवार शाम ठीक 4 बजे टिकट बुकिंग शुरू हुई थी। हजारों फैंस पहले से लॉगिन करके बैठे थे—उम्मीद यही कि इस बार स्टेडियम में बैठकर मैच का मजा लिया जाएगा। लेकिन जैसे ही बुकिंग ओपन हुई, कुछ ही पलों में “Sold Out” का बोर्ड सामने आ गया।

कई फैंस तो पेमेंट पेज तक पहुंच गए थे, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हो पाई। किसी का कहना है कि सीट चुनने के बाद भी ट्रांजैक्शन फेल हो गया, तो कोई कह रहा है कि बुकिंग शुरू होते ही सीटें खत्म हो चुकी थीं।


मैच का क्रेज अलग ही लेवल पर

यह मुकाबला बेंगलुरु के M. Chinnaswamy Stadium में खेला जाएगा, जिसकी क्षमता करीब 40 हजार दर्शकों की है। RCB का होम ग्राउंड होने की वजह से यहां हर मैच में अलग ही जुनून देखने को मिलता है, और इस बार तो ओपनिंग मैच का एक्साइटमेंट भी जुड़ा हुआ है।


टिकट की कीमत भी कम नहीं

टिकट की कीमत भी कम नहीं थी। सबसे सस्ती टिकट करीब 3,750 रुपये से शुरू होकर 47,000 रुपये तक पहुंच रही थी। इसके बावजूद डिमांड इतनी ज्यादा थी कि टिकट पल भर में गायब हो गए।

RCB ने इस बार एक खास पहल भी की है। टीम ने तय किया है कि हर होम मैच में 11 टिकट उन लोगों की याद में रिजर्व रखे जाएंगे, जिन्होंने पिछले साल स्टेडियम में हुई भगदड़ में अपनी जान गंवाई थी।


सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

इधर सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा साफ देखने को मिल रहा है। कई यूजर्स ने शिकायत की कि टिकट बुकिंग सिर्फ नाम की थी। कुछ का आरोप है कि बड़ी संख्या में टिकट पहले से ही खास लोगों को दे दिए गए, जबकि कुछ लोगों को शक है कि टिकट ब्लैक में बेचने के लिए रोके गए हैं।

हालांकि, इन दावों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन जिस तरह से टिकट कुछ ही मिनटों में खत्म हुए और बड़ी संख्या में फैंस खाली हाथ रह गए, उसने कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।


अब सबकी नजर आगे पर

अब नजर इस बात पर रहेगी कि आगे होने वाले मैचों की टिकट बिक्री में क्या कुछ बदलाव देखने को मिलता है, या फिर फैंस को हर बार यही निराशा झेलनी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *